मप्र की परियोजनाओं पर वेंकैया नायडू से मिले शिवराज

नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अगले वर्ष उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले और भोपाल में स्थापित किए जाने वाले प्रस्तावित राष्ट्रीय शासन और शहरी प्रबंधन संस्थान के लिए केंद्रीय सहायता की मांग की।

चौहान ने बुधवार को यहां शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू से मुलाकात करके मध्य प्रदेश से संबंधित अनेक अन्य परियोजनाओं के बारे में भी चर्चा की।

चौहान ने राष्ट्रीय राजधानी में मौजूदा मध्य प्रदेश भवन के स्थान पर निर्मित होने वाले राज्य भवन के लिए फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) की सीमा बढ़ाने की मांग की। नायडू ने संबंधित अधिकारियों को इस मामले पर अगली कार्रवाई के लिए जांच का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने राज्य में जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) के अधीन कार्यान्वयन के अनेक चरणों में जारी कई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए धन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले किए गए वादे के अनुसार अतिरिक्त केंद्रीय सहायता मिलने पर इन परियोजनाओं को पूरा किया जा सकता है और केंद्रीय सहायता का बेहतर इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

नायडू ने कहा कि यह मुद्दा विचाराधीन है और इस पर समुचित राय कायम की जाएगी, क्योंकि कई अन्य राज्यों से भी ऐसे अनुरोध प्राप्त किए गए हैं।

उज्जैन कुंभ मेले के लिए वित्तीय सहायता देने के बारे में नायडू ने कहा कि कई अन्य राज्यों से ऐसे अनुरोध प्राप्त किए गए हैं और केंद्र सरकार के अन्य संबंधित मंत्रालयों से परामर्श करके इस पर विचार किया जाएगा।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय शहरी स्थानीय निकायों के क्षमता निर्माण के लिए संस्थाएं शुरू करने में रुचि रखता है और शहरी विकास पर भी अधिक जोर देने के संदर्भ में अन्य हितधारकों के क्षमता निर्माण पर भी जोर देता है। क्षमता निर्माण योजना तैयार होने के बाद शहरी विकास मंत्रालय की ओर से मध्य प्रदेश सरकार से प्राप्त प्रस्ताव पर समुचित रूप से विचार किया जाएगा।

नायडू ने कहा कि भोपाल मेट्रो परियोजना के बारे में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) मंत्रालय में प्राप्त हो जाने पर इसके बारे में शीघ्र विचार किया जाएगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493