भोपाल/अनूपपुर, 23 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की पसान नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार सुमन राजू गुप्ता ने जीत दर्ज की। वहीं 16 में से आठ पार्षद पद पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विजयी रहे।
राज्य निर्वाचन आयेाग के कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, सोमवार को हुई मतगणना में नगरपालिका परिषद् पसान के अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सुमन राजू गुप्ता को 3090 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। सुमन राजू गुप्ता को 7024 और निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा की प्रत्याशी सपना शिवहरे को 3934 मत प्राप्त हुए।
वहीं परिषद के 16 पार्षदों में से आठ पर भाजपा, तीन पर कांग्रेस और पांच स्थानों पर निर्दलीय विजयी हुए।
ज्ञात हो कि सुमन राजू गुप्ता पूर्व में एक बार नगर पालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं, वे इस बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहती थीं, मगर पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार न बनाकर सरोज लोधी को प्रत्याशी बनाया। इस पर सुमन ने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।
dharmpath.com dharmpath