भोपाल, 13 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता युवा मोर्चा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने बताया कि ‘चलो पंचायत की ओर’ थीम पर केंद्रित कार्यक्रम के तहत सोमवार को हर ग्राम पंचायत में केंद्र और प्रदेश की 20 जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
पांडे ने रविवार को बताया कि केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंचकर युवा मोर्चा को पार्टी का ध्वज प्रदान करेंगे और टीम का स्वागत करते हुए केंद्र और राज्य की उन 20 योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ने ग्राम पंचायत स्तर पर 13 मई को घर-घर पहुंचकर पीले चावल देते हुए युवकों को चलो पंचायत की ओर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। 14 मई को प्रदेश की 23 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में होने जा रहा समागम देश में एक अनूठा कार्यक्रम होगा।
बताया गया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को प्रदेश की चार ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ‘चलो पंचायत’ अभियान कार्यक्रम में भाग लेंगे।
dharmpath.com dharmpath