शिवपुरी, 21 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ में हिस्सा लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं की जीप में शनिवार सुबह आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जीप में सवार नौ लोगों की मौत हो गई, दो लोग घायल हो गए। ये सभी लोग उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बताए जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, गोरखपुर का एक परिवार गामा जीप से उज्जैन के सिंहस्थ कुंभ में हिस्सा लेकर सड़क मार्ग से अपने घर को लौट रहा था। शनिवार सुबह शिवपुरी जिले के बदरवास थाना अंतर्गत कुल्हाड़ी गांव के पास उनकी गामा जीप और सामने से आ रहे ट्रक में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई।
कोलारस क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी सी.के. आर्य ने संवाददाताओं को बताया कि गोरखपुर का एक परिवार उज्जैन सिंहस्थ कुंभ में हिस्सा लेने गया था। वहां इस परिवार के एक सदस्य ऋषि सिंह की लू लगने से मौत हो गई। उसका शव लेकर परिजन गामा जीप से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
इस हादसे में पांच महिलाएं, दो पुरुषों के अलावा दो बच्चों की मौत हुई है। दो लोग घायल हैं।
dharmpath.com dharmpath