मप्र के चित्रकूट उपचुनाव में सरकार दे रही प्रलोभन : कांग्रेस (फोटो सहित)

सतना, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने सरकार पर मतदाताओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक से शिकायत की है। साथ ही चुनाव से ठीक पहले बिजली का ट्रांसफार्मर, खंभे व तार डाले जाने की तस्वीरें भी भेजी हैं।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने एक बयान जारी कर बताया कि सोमवार को ग्राम पगार से चुनाव प्रचार करते हुए वह नयागांव जा रहे थे, तो रास्ते में ग्राम देवरा में एक ट्रांसफार्मर से लदा एक ट्रक उन्होंने पकड़ा और स्वयं उसकी फोटो खींची और तुरंत इसकी शिकायत आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों को भेजी।

सिंह का आरोप है कि चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव घोषित होने के बाद लागू आचार संहिता का मुख्यमंत्री के दबाव में लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। ट्रांसफार्मर बदले जाने की स्थानीय लोगों की मांग लंबे समय से अनसुनी की जाती रही और अब चुनाव में तीन दिन बाकी रहने पर ट्रांसफार्मर भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया चल रही है और इसी दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के निर्देश पर विद्युत विभाग के अधिकारी गांवों में ट्रांसफार्मर बदल रहे हैं, बिजली के खंभे लगा रहे हैं और तार खींचने का कार्य कर रहे हैं। यह आचार संहिता का सरासर उल्लंघन है।

सिंह का आरोप है कि भाजपा के लोग ग्रामीणों से कह रहे हैं कि यह काम भाजपा द्वारा कराया जा रहा है, इसलिए भाजपा प्रत्याशी को ही वोट देना।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493