मप्र के नेता भी होली के रंग में रंगे

भोपाल, 21 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गुरुवार को होली धूमधाम से मनाई जा रही है। राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी होली मनाने में पीछे नहीं हैं। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेताओं के घरों पर होली का रंग गहराया।

राजधानी में जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा के निवास पर सुबह से ही होली मनाने वालों का जमावड़ा रहा। शर्मा ने अपने चाहने वालों को गुलाल लगाया, वहीं समर्थकों ने भी मंत्री को गुलाल से सराबोर कर दिया। इस मौके पर शर्मा ने कहा कि होली रंगों का पर्व है, कांग्रेस कार्यकर्ता खुश हैं। राज्य में 15 साल बाद उत्साह भरी होली आई है, क्योंकि कांग्रेस की सरकार है।

शर्मा ने दावा किया कि 15 साल बाद राज्य में तिरंगे झंडे की सरकार आई है, आने वाले समय में पूरे देश में यह तिरंगा फहराएगा।

इसी तरह ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के आवास पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। तोमर ने सभी को होली की शुभकामनाएं दी। तोमर ने होली को आपसी भाईचारे का पर्व बताया। उन्होंने कहा, “होली हमारी लोक संस्कृति का पर्व है। जहां तक चुनाव की बात है, वह लोकतंत्र का पर्व है”। तोमर ने कोई राजनीतिक बयान देने से इनकार कर दिया।

ग्वालियर में ही भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने अपने समर्थकों के साथ होली का पर्व मनाया। उनके आवास पर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ रही। इंदौर में पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने होली पर्व मनाया। विजयवर्गीय की मां के निधन के बाद का यह पहला पर्व था, इसलिए लोग शोक संवदेना व्यक्त करने उनके निवास पर पहुंचे। समर्थकों ने विजयवर्गीय को और विजयवर्गीय ने समर्थकों को गुलाल लगाया।

जबलपुर में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने अपने समर्थकों के साथ होली पर्व मनाया। सिंह ने कहा कि यह ऐसा पर्व है जो आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाता है, सभी लोग अपने आपसी मतभेदों को भुला देते हैं। सिंह ने कहा कि वे हर साल अपने गृह जिले में होली मनाते हैं, इस बार भी मना रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493