मप्र के पर्यटन स्थलों पर प्रतिबंधित होगी पॉलीथिन

भोपाल, 21 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और पवित्र नगरों में आगामी एक सितंबर से पॉलीथिन को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। यह ऐलान गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरीय विकास और पर्यावरण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान किया।

चौहान ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में आगामी एक जनवरी से पॉलीथीन पर प्रतिबंध लागू किया जाए। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन-स्थल और पवित्र शहर उज्जैन, अमरकंटक, खजुराहो, पचमढ़ी, महेश्वर, ओंकारेश्वर और ओरछा में आगामी एक सितम्बर से पॉलीथीन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए। पॉलीथीन के उपयोग को रोकने के लिए प्रदेश में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने बैठक में नगरीय विकास से संबंधित कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि आने वाले तीन वर्ष में प्रदेश के हर शहर को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसे चरणबद्ध रूप से पूर्ण करने की योजना बनाएं। वर्ष 2018 तक शहरी गरीबों के लिए पांच लाख आवास उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए कार्य शुरू करें। उन्होंने निर्देश दिए कि भोपाल और इंदौर के बीच एक नए ग्रीन फील्ड शहर को विकसित करने की योजना बनाएं।

चैहान ने कहा कि शहरों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यक्रम को प्राथमिकता से लें तथा इसे स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ कर मिशन मोड में चलाएं। वर्षा काल के पहले सभी नगरीय निकायों में नालों की सफाई का काम पूरा करें। अधोसंरचना विकास के सभी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी साइकिल रिक्शा और हाथठेला चालकों को आगामी एक वर्ष में स्वयं का साइकिल रिक्शा और हाथठेला उपलब्ध कराएं। घरेलू कामकाजी महिलाओं, केशशिल्पी और पथ पर विक्रय करने वाले गरीबों को शहरी कल्याण की योजनाओं में लाभान्वित करें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493