मप्र के प्रवासी भारतीय विभाग में सिर्फ मंत्री और प्रमुख सचिव!

स्ांदीप पौराणिक

स्ांदीप पौराणिक

भोपाल, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के प्रचार में सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। विदेशी निवेशकों के साथ प्रवासी भारतीयों को निमंत्रण देने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई देशों की यात्रा भी की। पृथक प्रवासी भारतीय विभाग भी बनाया गया, मगर आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इस विभाग में सिर्फ मंत्री और प्रमुख सचिव के अलावा कोई और अधिकारी या कर्मचारी नहीं है।

ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने अप्रैल, 2015 को प्रवासी भारतीयों को मध्य प्रदेश के विकास के साथ जोड़ने और उन्हें आवश्यक सुविधा देने के मकसद से एक प्रवासी भारतीय विभाग के गठन का निर्णय किया था। एक साल से ज्यादा का समय बीत गया है, मगर इस विभाग का दफ्तर कहीं भी नजर नहीं आता है।

विभाग के प्रमुख सचिव एस.के. मिश्रा ने आईएएनएस से कहा कि निवेश की क्षमता रखने वाले राज्य के निवासी विदेशों में बहुत कम हैं, ज्यादातर वे लोग हैं, जो पढ़ाई करने गए हैं या चिकित्सक और नौकरी करने वाले लोग हैं। इस विभाग का कोई बजट भी नहीं है।

उन्होंने कहा, “विभाग का प्रमुख सचिव मैं हूं, अन्य कर्मचारियों की जरूरत नहीं है, क्योंकि काम ज्यादा नहीं है, अधिकांश काम इंटरनेट व अन्य संस्थाओं की मदद से हो जाता है, लिहाजा विभाग पूरी तरह इंटरनेट के सहारे चल रहा है।”

इस विभाग के गठन के समय तय किया गया था कि विभाग प्रवासी भारतीयों से संबंधित सभी मामलों को देखेगा। यह उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश करने में भी सहयोग करेगा। इतना ही नहीं प्रवासी भारतीय, भारतीय मूल के विद्याíथयों को मध्य प्रदेश के विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी शिक्षा और सांस्कृतिक संस्थानों में प्रवेश दिलाने के लिए सूचना एकत्र करने का काम भी करेगा।

सरकार ने जब विभाग के गठन का फैसला लिया था तब मंशा जताई गई थी कि यह विभाग विदेश में रहने वाले भारतीय समुदाय और मध्य प्रदेश के बीच मजबूत कड़ी स्थापित करने के लिए मार्केटिग और संचार की रणनीति बनाएगा। इस विभाग को केन्द्रीय मंत्रालयों के साथ आवश्यक तालमेल, फ्रेंडस ऑफ मध्य प्रदेश एवं ग्लोबल टैलेंट पूल योजना तथा प्रवासी भारतीयों से संबंधित विषयों पर अंतर्राज्यीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय समन्वय का दायित्व भी दिया गया था।

राज्य के इंदौर में 22-23 अक्टूबर को ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट होने जा रहा है। बड़ी संख्या में निवेशकों को बुलाने के लिए सरकार ने प्रयास भी किए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अपने प्रशासनिक अफसरों और औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ अमेरिका, ब्रिटेन, चीन सहित कई देशों के दौरे भी किए। इस दौरान उन्होंने विदेशी निवेशकों से लेकर प्रवासी भारतीयों से भी चर्चा की।

प्रवासी भारतीय विभाग के मंत्री राजेंद्र शुक्ल और प्रमुख सचिव एस.के. मिश्रा हैं। मिश्रा मुख्यमंत्री के भी प्रमुख सचिव हैं। इस विभाग में इन दो के अलावा कोई और नहीं है। शायद दुनिया का यह इकलौता विभाग होगा, जो दो लोगों के भरोसा चल रहा है। इतना ही नहीं विभाग को अफसरों और कर्मचारियों की जरूरत भी महसूस नहीं हो रही है।

सूत्रों का कहना है कि विभाग में एक लिपिक हुआ करता था जो अगस्त माह में सेवानिवृत्त हो चुका है। अभी तक इस पद पर किसी को पदस्थ नहीं किया गया है। मंत्री शुक्ल के कार्यालय से भी इस बात की पुष्टि की गई कि विभाग का कोई दफ्तर नहीं है और प्रमुख सचिव के अलावा कोई कर्मचारी भी इस विभाग में पदस्थ नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493