मप्र के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी कलाम की जीवनी : शिवराज (लीड-1)

भोपाल, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि डॉ. कलाम की यादों को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उनकी प्रेरक जीवनी स्कूली पाठ्य पुस्तकों में पढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “डॉ. कलाम महान वैज्ञानिक थे, हम विचार करेंगे कि उनकी स्मृति को चिरस्थायी कैसे बनाया जा सकता है, मगर तत्काल जो ध्यान में आता है, वह यह कि उनकी प्रेरक जीवनी को पाठ्य-पुस्तकों मंे शामिल किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।”

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मिसाइलमैन के रूप में प्रसिद्ध डॉ. कलाम एक ऐसे महापुरुष थे, जिनके पास भारत के विकास को लेकर व्यापक दृष्टि और सोच थी। उन्होंने वर्ष 2020 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का न केवल सपना देखा, बल्कि उसकी ठोस रूपरेखा भी सामने रखी।

चौहान ने आगे कहा कि डॉ. कलाम सही मायने में अजातशत्रु व्यक्तित्व को साकार करते थे। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से होते हुए भी व्यक्ति अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है, इसके डॉ. कलाम सर्वश्रेष्ठ उदाहरण थे।

मध्यप्रदेश के लोगों और स्वयं की ओर से मुख्यमंत्री चौहान ने भारत रत्न से विभूषित डॉ. कलाम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के निधन से पूरा देश शोकमग्न है।

प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव ने डॉ. कलाम के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे एक श्रेष्ठ वैज्ञानिक के साथ अच्छे प्रशासक भी थे। उनके निधन से देश में अपूरणीय क्षति हुई है।

राज्य सरकार ने डॉ. कलाम के निधन पर सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इन सात दिनों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493