देवास, 1 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के देवास जिले की पुलिस ने एक युवती को 70 हजार रुपये में खरीदकर उसका यौन शोषण और उसे प्रताड़ित किए जाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
खातेगांव थाना के प्रभारी तहजीब काजी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया है कि अमरावती में रहने वाली एक युवती को पांच साल पहले राहुल शेट्टी ने एक दलाल महिला के माध्यम से 70 हजार रुपये में खरीदा था। युवती उस समय महज 15 वर्ष की थी। वह अपने नाना-नानी के यहां रहकर पढ़ाई करती थी, क्योंकि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी थी। अपने विद्यालय में नौवीं कक्षा में उसने उच्चतम अंक प्राप्त किए थे।
काजी के मुताबिक, युवती को पिछले पांच साल से राहुल बंधक बनाकर रखे हुए था। इतना ही नहीं, उसे प्रताड़ित भी किया। राहुल का इंदौर व देवास के खातेगांव में मकान है। पिछले दिनों युवती ने इंदौर में पुलिस में शिकायत की तो राहुल के पिता राजकुमार समझा-बुझाकर कर उसे घर ले गए, मगर प्रताड़ना का दौर जारी रहा। उसके बाद युवती खातेगांव आई, उसे प्रताड़ित किया गया तो फिर वह पुलिस के पास पहुंची।
पुलिस ने जांच की और राहुल, उसके पिता व अमरावती में सौदा करने वाली महिला के बेटे इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
युवती ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसके शरीर के जल्दी विकास के लिए उसे कई तरह के हार्मोन वाले इंजेक्शन लगाए गए। इसके बाद उसका 70 हजार रुपये में सौदा किया गया। उसके साथ अनैतिक कार्य किए जाने के साथ ही उसे प्रताड़ित भी किया जाता रहा है। उसके शरीर के कई हिस्सों को सिगरेट से दागा भी गया। उसे बीते पांच वर्षो से बंधक बनाकर रखा गया है ।
थाना प्रभारी काजी ने आगे बताया कि युवती की शिकायत पर राहुल से जब पूछताछ की गई तो उसने एक करारनामा पेश किया, जिसके मुताबिक यह युवती उसकी पत्नी नहीं, बल्कि नौकरानी है। इसी आधार पर पुलिस का शक और बढ़ा। जांच जब आगे बढ़ी तो हकीकत सामने आ गई।
dharmpath.com dharmpath