मप्र : गरोठ जीत पर भाजपा में जश्न

भोपाल, 30 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ विधानसभा के उपचुनाव में मिली जीत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जश्न मनाया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाइयां बाटीं।

गरोठ विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी चंदरसिंह सिसोदिया की जीत की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता और नेता पार्टी के दफ्तर पहुंचने लगे। यहां पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार आतिशबाजी और मिठाई बांटकर किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के प्रत्याशी चंदरसिंह सिसोदिया की गरोठ विधानसभा उपचुनाव में 13 हजार से अधिक मतों से हुई जीत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्रांतिकारी नेतृत्व में सफल हो रही योजनाओं के सुफल की परिणति है।

व्यापमं घोटाले के लिए देशभर में चर्चित राज्य की भाजपा इकाई के अध्यक्ष ने आगे कहा, “भाजपा राजनीति में सत्ता और कुर्सी के लिए नहीं है। भाजपा का मिशन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा करना है, हमें जनसेवा के क्षेत्र में हर चुनौती स्वीकार है।”

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश प्रभारी डॉ़ विनय सहस्रबुद्धे ने टेलीफोन कर प्रदेश अध्यक्ष चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन से चर्चा करते हुए गरोठ उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी सिसोदिया की विजय पर बधाई दी और कहा कि राज्य में भाजपा का विजय रथ अनवरत आगे बढ़ता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि गरोठ उपचुनाव मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कथित ‘प्रलोभन ऑडियो क्लिप’ के कारण देश में चर्चित रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493