मप्र : डिंडौरी की रेखा दुनिया को बताएंगी महिला शक्तीकरण के गुर

भोपाल, 3 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल जिले डिंडौरी की रेखा पंदराम संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय न्यूयॉर्क में महिला सशक्तीकरण के गुर बताएंगी। वे दुनिया के सामने अपनी उन कोशिशों का भी ब्यौरा देंगी, जिसके जरिए उन्होंने आदिवासी महिलाओं को सशक्त किया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में शुक्रवार को कहा गया कि रेखा पंदराम संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय न्यूयॉर्क में महिलाओं की स्थिति पर गठित आयोग के 61वें सत्र में भाग लेने जा रही हैं। यह कार्यक्रम न्यूयॉर्क में 13 से 24 मार्च तक होगा। रेखा 15 मार्च को खाद्य सुरक्षा एवं पोषण के लिए ग्रामीण और स्वदेशी महिलाओं के सशक्तीकरण एवं जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाकर परिवर्तन लाने की रणनीति पर अपने अनुभव अंतर्राष्ट्रीय मंच पर साझा करेगी।

डिंडौरी जिले के मेहदवानी विकास खंड की फलवाही गांव की रेखा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से राजधानी में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने रेखा को ग्रामीण महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बताते हुए उनका सम्मान किया और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रेखा महिला सशक्तीकरण की राजदूत बनकर मध्यप्रदेश और भारत का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ने के हर संभव मौके दिए जा रहे हैं।

रेखा वर्षो से डिंडौरी जिले में महिला सशक्तीकरण के लिए प्रयास कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2013 में मेहदवानी में तेजस्वी ग्रामीण महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह महासंघ के सचिव के पद पर काम करना शुरू किया। इस महासंघ में 24 ग्राम पंचायतें और 41 गांव आते हैं। इन गांवों में ज्यादातर बैगा, गौड़ और कौल जनजाति के लोग निवास करते हैं।

रेखा ने खाद्य उत्पादन की कमी, खाद्य सुरक्षा, महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान, उनके स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों और महिलाओं और बच्चों के पोषण पर काम किया है। उनके महासंघ को प्रतिष्ठित सीताराम राव ऐशिया पैसेफिक लाइव्लीहुड अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।

रेखा पंदराम अंतर्राष्ट्रीय मंच पर यह भी बताएंगी कि वह कैसे अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष परियोजना की सहायता से चल रहे तेजस्विनी ग्रामीण महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम की गतिविधियों का जमीनी स्तर पर संचालन कर रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493