मप्र : दबंग से परेशान 2 बहनों ने की खुदकुशी की कोशिश

रायसेन, 11 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक दबंग युवक की हरकतों से परेशान होकर दो बहनों ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में दोनों बहनों को उपचार के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है।

बेगमगंज थाने के प्रभारी अजय दुबे ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि ग्राम मेहगांव टप्पा में दो सगी बहनों ने सुबह 11 बजे कीटनाशक पी लिया। दोनों लड़कियों की उम्र क्रमश: 15 और 19 वर्ष है। उनकी हालत बिगड़ने पर गांव वालों ने 100 और 108 डायल कर पुलिस और एंबुलेंस बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से दोनों को गंभीर हालत में रायसेन ले जाया गया।

लड़कियों के भाई साहब भाई लोधी ने पुलिस को बताया कि गांव का दबंग राजू लगातार उसे और बहनों को परेशान करता रहता है। बीते दिन भी उसने मारपीट की थी और रविवार को भी उसने घर पर आकर धमकाया था, इससे परेशान होकर दोनों बहनों ने कीटनाशक पी लिया।

थाना प्रभारी दुबे के अनुसार, दोनों लड़कियों की हालत गंभीर है, लिहाजा उन्हें उपचार के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है। वहीं आरोपी राजू के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493