मप्र : दिग्विजय ने भोपाल से नामांकन किया

भोपाल, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। सिंह पैदल चलकर निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।

दिग्विजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के आवास से जिलाधिकारी कार्यालय के लिए पैदल रवाना हुए। उनके साथ कांग्रेस के तमाम नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन दाखिल किया।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय नामांकन से पहले झरनेश्वर मंदिर पहुंचे और वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। उसके बाद उन्होंने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी अमृता सिंह भी थीं।

ज्ञात हो कि भोपाल में सिंह के खिलाफ भाजपा ने मालेगांव बम विस्फोट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट के लिए मतदान 12 मई को होना है। प्रज्ञा 23 अप्रैल को नामांकन भरने वाली हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493