मप्र: दुनिया के सबसे बड़े सौर ऊर्जा संयंत्र को मंजूरी

भोपाल, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में दुनिया के सबसे बड़े सौर ऊर्जा संयंत्र को स्थापित करने की मंत्रिपरिषद ने मंगलवार को मंजूरी दे दी। 750 मेगावाट क्षमता के इस अल्ट्रा-मेगा सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिए संयुक्त कंपनी गठित करने का भी निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में तय हुआ कि सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना के लिए विश्व बैंक द्वारा ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग शासन की नीति के तहत परियोजना के लिए राजस्व भूमि के उपयोग की अनुमति देगा। परियोजना में उत्पादित बिजली के ग्रिड से अंर्तसयोजन एवं पारेषण लाइन का कार्य पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा। परियोजना द्वारा उत्पादित 40 प्रतिशत बिजली को मध्य प्रदेश पॉवर मैनेजमेंट कंपनी खरीदेगी।

वहीं, मंत्रिपरिषद ने मध्य प्रदेश वित्त निगम के श्रेणी ‘अ’ और ‘ब’ कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष करने का निर्णय लिया। यह निर्णय मध्य प्रदेश वित्त निगम के संचालक मंडल द्वारा की गई अनुशंसा पर लिया गया।

मंत्रि-परिषद ने केंद्रीय कारा भोपाल की महिला बंदियों और केंद्रीय कारा उज्जैन के पुरुष बंदियों के लिए आईटीआई में अतिथि व्याख्याताओं के 14 पद सृजित करने का निर्णय लिया। प्रत्येक अतिथि व्याख्याता को मानदेय 110 रुपये प्रति चक्र या 10 हजार रुपये प्रतिमाह अधिकतम की दर से दिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493