भोपाल, 28 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर गुरुवार सुबह धूप रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार सुबह आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। ठिठुरन कम हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना व दतिया में कोहरा छाने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के मौसम में बीते 24 घंटों में बदलाव आया है। राजधानी भोपाल में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, इंदौर में 12 डिग्री, ग्वालियर में नौ डिग्री और जबलपुर में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले बुधवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री, इंदौर में 27 डिग्री, ग्वालियर में 27.4 डिग्री और जबलपुर में 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath