मप्र : निजी सुरक्षा एजेंसी संचालक के घर से 9 हथकड़ियां बरामद

भोपाल, 17 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में पकड़े गए निजी सुरक्षा एजेंसी के संचालक वकार खान के घर से रविवार को नौ हथकड़ियां बरामद की हैं। इससे पहले पुलिस ने वकार की निशानदेही पर 79 वायरलेस सेट बरामद किए थे।

भोपाल उत्तर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान सिंह ने रविवार को मीडिया को बताया है कि वकार के शीतलनगर स्थित आवास से नौ हथकड़ियां बरामद की गई हैं। संभावना है कि उसने ये हथकड़ियां अपने सुरक्षा कर्मियों के ड्रेस कोड को ध्यान में रखकर खरीदी होंगी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस उन लोगों को भी तलाश रही है, जिनसे वकार के संपर्क व संबंध रहे हैं।

मालूम हो कि हनुमानगंज थाना क्षेत्र में निजी सुरक्षा एजेंसी चलाने वाले वकार को नौ दिन पहले तीन वॉकी-टॉकी के साथ पकड़ा गया था। उसके बाद से ही वकार से पुलिस, सेना की खुफिया एजेंसी, इंटेलिजेंस ब्यूरो आदि पूछताछ कर रहा है।

पुलिस ने शनिवार को वकार की निशानदेही पर करोंद क्षेत्र के एक मकान से 79 वायरलेस सेट और एक रिपीटर सहित कई अन्य सामग्री भी बरामद की थी। इसके अतिरिक्त वह 13 सेट जला चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493