मप्र : पुलिसकर्मी बनेंगे पर्यटकों के मददगार, सीख रहे गुर

भोपाल, 25 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्थापित की गई पर्यटक पुलिस चौकियों में तैनात जवानों को पर्यटकों का मददगार बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसकी शुरुआत छतरपुर के खजुराहो से हुई है।

पर्यटन विकास निगम की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्यटन स्थल पचमढ़ी, खजुराहो, कान्हा, ओरछा, चित्रकूट, मांडू, अमरकंटक और महेश्वर सहित 11 स्थान पर पर्यटक चौकियां स्थापित की गई हैं।

पर्यटक चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम के जरिये जरूरी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस क्रम में पुलिस रेंज छतरपुर के पर्यटक पुलिस कर्मियों को पर्यटक ग्राम खजुराहो में पुलिस की भूमिका के संबंध में जरुरी प्रशिक्षण दिया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 21 से 24 अगस्त तक चले तीन दिवसीय प्रशिक्षण में पर्यटन के विकास में पुलिस कर्मियों की भूमिका, देश एवं विदेश के पर्यटकों को जरुरी सुरक्षा देने, अभिरुचि, व्यवहार, बॉडी लेंग्वेज, पुलिस की छवि, शिकायत निवारण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण में 52 पर्यटक पुलिस कर्मी शामिल हुए। यह प्रशिक्षण मध्यप्रदेश पर्यटन की प्रशिक्षण शाखा द्वारा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एण्ड टैवेल मेनेजमेंट ग्वालियर के माध्यम से दिया गया। आगामी दिनों में अन्य संभाग में भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण देने की योजना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493