भोपाल, 14 (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश का पुलिस महकमा मध्य प्रदेश पुलिस पत्रिका का प्रकाशन फिर से शुरू करेगा। यह घोषणा रविवार को पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में की और कल्याण निधि से एसोसिएशन को एक लाख रुपये की राशि का चेक भी प्रदान किया।
सेवानिवृत्त हो चुके आठ पुलिस अधिकारियों को 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर पुलिस महानिदेशक ने सम्मानित भी किया।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन देश की एकमात्र संस्था है, जो 75 वर्ष पूर्ण करने वाले अपने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवर्ष सम्मानित करती है।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन द्वारा प्रकाशित पत्रिका का प्रकाशन फिर से शुरू किया जाएगा। फिलहाल इस पत्रिका का प्रकाशन बंद है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ सदस्य एच़ एम़ जोशी ने कहा कि पुलिस का काम ईश्वरीय काम है।
पुलिस ‘धर्म संस्थापना’ अर्थात् कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अपराधियों को पकड़ने और न्यायालय से उन्हें सजा दिलाने का काम करती है।
जोशी ने पुलिस की नई पीढ़ी से कहा कि स्वार्थ से परे होकर मानव एवं समाज सेवा समझ कर अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। एसोसिएशन के अध्यक्ष जी़ पी़ दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया।
पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए 12 लोगों ने इस वर्ष 75 वर्ष की आयु पूर्ण की है। इस समारोह में आठ सेवानिवृत्त अधिकारी पी़ पी़ केकरे, वी़ सी़़ डेविड, वी़ एल़ सिंह, ओ़ सी़ शर्मा, आई. डी़ श्रीवास्तव, एस़ एस़ बरबड़े, आऱ सी़ सिसोदिया और वी़ के. देउस्कर कार्यक्रम में सम्मानित किए गए।
dharmpath.com dharmpath