Saturday , 18 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » मप्र : प्रशिक्षु उपनिरीक्षक की मौत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, शिवराज ने किया बचाव (लीड-1)

मप्र : प्रशिक्षु उपनिरीक्षक की मौत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, शिवराज ने किया बचाव (लीड-1)

सागर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित जवाहर लाल नेहरू पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक अनामिका कुशवाहा ने सोमवार सुबह तालाब में कूद कर जान दे दी। पुलिस ने अनामिका का शव बरामद कर लिया है।

कांग्रेस ने अनामिका की मौत पर सवाल उठाए हैं, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इस मौत को व्यापमं से जोड़ना न्यायसंगत नहीं है।

पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर ने आईएएनएस को बताया, “पुलिस प्रशिक्षण केंद्र तालाब के तट पर स्थित है। सोमवार अलसुबह अनामिका ने तालाब में कूदकर जान दे दी। वह यहां प्रशिक्षणरत थी। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। अनामिका ने आत्महत्या क्यों की, इस बात की जांच की जा रही है।”

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने अनामिका की मौत को व्यापमं कांड से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति उपनिरीक्षक बनता है, उसे तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाता है, ऐसे में अनामिका की मौत डूबकर कैसे हुई, यह समझ से परे है। यही कारण है कि इसे व्यापमं से जोड़ा जा रहा है।

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अनामिका की मौत पर दुख व्यक्त किया और कहा कि “उनकी मौत का व्यापमं से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है, हर मौत दुखद होती है और हर मौत को व्यापमं से जोड़ा जाना न्यायसंगत नहीं है।”

ज्ञात हो कि राज्य में उपनिरीक्षक की चयन परीक्षा, व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित की जाती है और व्यापमं में हुआ घोटाला इन दिनों चर्चा में है।

पुलिस अधीक्षक अतुलकर से जब पूछा गया कि क्या अनामिका की मौत का व्यापमं से कोई नाता है, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। अनामिका ग्वालियर की रहने वाली बताई जा रही है।

मप्र : प्रशिक्षु उपनिरीक्षक की मौत, कांग्रेस ने उठाए सवाल, शिवराज ने किया बचाव (लीड-1) Reviewed by on . सागर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित जवाहर लाल नेहरू पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक अनामिका कुशवाहा ने सोमवार सुबह ता सागर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित जवाहर लाल नेहरू पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक अनामिका कुशवाहा ने सोमवार सुबह ता Rating:
scroll to top