मप्र : बसपा के पूर्व प्रत्याशी ने थामा कांग्रेस का दामन

भोपाल, 8 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में होने वाले मैहर विधानसभा उपचुनाव से पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस राजनीतिक चालें चलकर माहौल को गरमाने में जुटी हैं। इसी बीच कांग्रेस मैहर से वर्ष 2013 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुके मनीष पटेल को अपने पाले में लाने में कामयाब हो गई है।

पटेल ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव की मौजूदगी में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण की। पटेल ने कहा कि मैहर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार कोई भी हो, वह कांग्रेस के लिए काम करेंगे।

मैहर विधानसभा क्षेत्र पटेल बहुल विधानसभा क्षेत्र है। इस लिहाज से संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस पटेल को उम्मीदवार बना सकती है।

कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद पटेल ने कहा है कि बसपा और कांग्रेस की नीतियां एक जैसी हैं। उन्हें कांग्रेस की नीति ज्यादा अच्छी लगी, लिहाजा वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पटेल के भाजपा में भी जाने की चर्चा चल रही थी। कहा तो यह भी जा रहा है कि भाजपा ने पटेल को प्रलोभन दिया था। इस पर उनका कहना है, “मैं बिकाऊ नहीं हूं।”

सतना जिले के मैहर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक नारायण त्रिपाठी ने भाजपा में शामिल होकर विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। रिक्त हुए स्थान के लिए जल्दी ही उपचुनाव कराए जाने की संभावना है।

भाजपा जहां त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही है, वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे बसपा उम्मीदवार पटेल अब कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने में जुटेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493