उमरिया, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान में पावरे वायरस के चलते फैली बीमारी से बीते 24 घंटों में दो शावकों (बाघ)की मौत हो गई है, वहीं एक अन्य की हालत गंभीर है, जो जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
बांधवगढ़ उद्यान के निदेशक मृदुल पाठक ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में लगभग चार माह पूर्व एक बाघिन ने तीन शावकों को जन्म दिया था, मगर बाघिन शावकों के जन्म के दो सप्ताह बाद मर गई। उसके बाद इन तीनों शावकों को बांधवगढ़ लाया गया, जहां पिछले 15 दिन पहले इन पर पावरे वायरस ने हमला बोल दिया।
पाठक के मुताबिक, इन शावकों का लगातार इलाज चल रहा था, इसके लिए देश के बाहर भी संपर्क किया गया। यह वायरस खून में से प्लेटलेट्स को कम कर देता है, यह वायरस ठीक उसी तरह बीमार करता है जैसा इंसान को डेंगू। यह शावक मां के साथ ज्यादा दिन रहे नहीं, लिहाजा उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित नहीं हो पाई। वहीं बाघ के खून से प्लेटलेट्स अलग करने की तकनीक नहीं है, इस कारण दो शावकों को नहीं बचाया जा सका, तीसरे की हालत गंभीर है।
dharmpath.com dharmpath