खरगोन, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के अपर वेदा बांध का जलस्तर बढ़ाए जाने से उदयपुर गांव के घर डूब रहे हैं। इसके विरोध में प्रभावित परिवारों ने शुक्रवार से जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है।
नर्मदा बचाओ आंदोलन की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया है कि अपर वेदा बांध के सभी गेट बंद किए जाने से जलस्तर बढ़ रहा है और उदयपुर गांव के मकान डूब में आ रहे हैं। बांध में बढ़ता पानी गांव के मकानों की ओर बढ़ रहा है।
उदयपुर के सिर्फ 105 घर अभी पानी के बाहर हैं बाकी सब डूब चुके हैं। जो बचे हैं वे भी धीरे धीरे पानी में डूब जाएंगे। सत्याग्रहियों की मांग है कि बांध में पानी भरना रोका जाए और सभी का सम्पूर्ण पुनर्वास करने के बाद ही पानी भरा जाए।
बताया गया है कि शुक्रवार को सत्याग्रह स्थल से नर्मदा आन्दोलन के कार्यकर्ता अजय गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया। नर्मदा आन्दोलन की वरिष्ठ कार्यकर्ता चित्तरूपा पालित को पुलिस ने गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। वे खरगोन जेल में है।
वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी इंदौर के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में संभागयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और आयुक्त को ज्ञापन देकर मांग की, कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उन्हें तत्काल रिहा किया जाए। साथ ही अपर वेदा बांध में पानी का स्तर कम करके पहले विस्थापितों का पुनर्वास किया जाए और उसके बाद ही पानी भरा जाए।
dharmpath.com dharmpath