बालाघाट, 17 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट में पुलिस को अरसे बाद बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नक्सलियों के तीन मददगार संगम सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से विस्फोटक सामग्री, नक्सली साहित्य, पोस्टर बैनर आदि बरामद किए हैं। गिरफ्तार संगम सदस्यों में एक महिला भी शामिल है।
बालाघाट के पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि 17 अप्रैल को अपहरण कर रति राम की मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने हत्या की थी, वहीं एक अन्य को घायल किया था। इसके बाद से ही पुलिस की गांव के कुछ संदिग्ध लोगों पर नजर थी।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने अपनी तहकीकात के आधार पर सोमवार की रात को मलाजखंड पुलिस थाना क्षेत्र के जगला गांव में मंशाराम, घनश्याम और सेवनी के घर पर दबिश दी तो उनके यहां से नक्सली साहित्य, बैनर, पोस्टर, बैटरी, तार आदि बरामद किए गए हैं।
एक ऐसी डायरी भी मिली है, जिसमें 50 लोगों के नाम दर्ज हैं। इनमें कुछ नक्सली, संगम सदस्य, ठेकेदार, पत्रकार आदि शामिल हैं। ये वे लोग हैं जो नक्सलियों का सहयोग करते हैं। इन पर पुलिस की नजर है।
तिवारी ने आगे बताया कि पकड़े गए तीनों लोग नक्सलियों की बैठक आयोजित कराने से लेकर उनके लिए आवश्यक सामग्री मसलन राशन आदि का इंतजाम भी करते थे। संगम सदस्य वे होते हैं जो रहते तो समाज में हैं, मगर नक्सलियों के लिए काम करते हैं।
ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से इस जिले में नक्सलियों की गतिविधियों में अचानक तेज आ गई थी। एक युवक की मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने हत्या की थी, वहीं तेंदूपता परिवहन में लगे टक को आग के हवाले कर दिया था। इसके अलावा सरपंच पति को मनरेगा का भुगतान न करने पर धमकाया था।
dharmpath.com dharmpath