भोपाल, 4 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में एक बुजुर्ग ग्रामीण को वन अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा पीटे जाने के मामले की वन विभाग के प्रमुख सचिव ने जांच के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को जांच का जिम्मा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) को सौंपा गया।
टांसपेरेंसी इंटरनेशनल के बोर्ड ऑफ मैंनेजमेंट के सदस्य अजय दुबे ने बुधवार को वन विभाग के प्रमुख सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया था कि बैतूल जिले के चौपाना थाना क्षेत्र के धपाड़ा निवासी नाथूराम यादव (60) के साथ छह अगस्त को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के संचालक रमेश प्रताप सिंह ने वन कर्मियों के साथ मिलकर पिटाई की है।
दुबे ने अपने शिकायती पत्र में बताया था कि यादव की आंख व कान में गंभीर चोटें आई हैं। उसके कान का पर्दा भी फट गया है। वन विभाग के प्रमुख सचिव ने शिकायती पत्र पर गौर करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) को मामले की जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
dharmpath.com dharmpath