भोपाल, 13 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में आगामी दिनों में होने वाले विविध आयोजन की तैयारियों के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कार्यालय में 17 मार्च को बुलाई गई है। बैठक में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय द्वारा रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस, 14 अप्रैल को महू में बाबासाहेब डॉ़ भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती समारोह, 22 अप्रैल से उज्जैन में शुरू होने जा रहे सिंहस्थ कुंभ महोत्सव की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अलावा बैठक में पार्टी आजीवन सहयोग निधि संग्रह, जिला पदाधिकारियों की प्रांतीय कार्यशाला, मंडल पदाधिकारियों की संभागीय कार्यशाला, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए संचालित जन-जागरण अभियान और प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन पर चर्चा होगी।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येंद्र भूषण सिंह ने बताया कि इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष-महामंत्री, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष-महामंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष, संभागीय संगठन मंत्री, महापौर एवं नगरपालिका अध्यक्ष और मंडी अध्यक्ष भाग लेंगे।
dharmpath.com dharmpath