भिंड, 3 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के स्टेशन मास्टर को अज्ञात नकाबपोश बदमाश ने शुक्रवार की अलसुबह गोली मारकर घायल कर दिया। स्टेशन प्रबंधक एम.पी. शर्मा (56) को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
जीआरपी थाने से मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन प्रबंधक शर्मा सुबह लगभग साढ़े चार बजे नित्यक्रिया कर अपने सरकारी आवास लौट रहे थे, तभी किसी नकाबपोश बदमाश ने उन पर पीछे से गोली मार दी। शर्मा के पेट में गोली लगी है, जो आर-पार कर गई है। गोली की आवाज सुनकर स्टेशन पर तैनात सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि शर्मा आवास के बाहर खून से लथपथ पड़े हैं।
जीआरपी के मुताबिक, शर्मा को गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल, फिर वहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
dharmpath.com dharmpath