मप्र : महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता घर-घर देंगी दस्तक

भोपाल, 3 फरवरी (आईएएनएस)। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने तैयारी तेज कर दी है। महिला कार्यकर्ताओं के सहारे गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर राज्य सरकार के वादों पर हुए अमल और केंद्र सरकार की वादा खिलाफी को गिनाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रविवार को पार्टी की महिला इकाई की हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित आठ फरवरी के भोपाल प्रवास पर तो चर्चा हुई ही, साथ में आगामी लोकसभा चुनाव पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

पार्टी की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष माधवी मंडावी ने कहा, “राज्य में कांग्रेस की महिला इकाई की कार्यकर्ता पार्टी की नीति और रीति को जन-जन तक पहुंचाएंगी।”

मंडावी ने संवाददाताओं से कहा, “राहुल गांधी के दौरे और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई। महिला कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर बताएंगी कि मोदी सरकार ने बीते पांच सालों में आम लोगों के लिए कुछ नहीं किया है। जो वादे किए थे, उनका क्या हुआ यह भी बताया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा, “एक तरफ केंद्र सरकार ने वादे पूरे नहीं किए, दूसरी ओर कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही अपने वादों पर अमल शुरू कर दिया है। इस तरह दोनों सरकारों के कामकाम से लोगों को अवगत कराया जाएगा। पंद्रह लाख रुपये देने की बात हो या महिला सुरक्षा, सभी मामलों में मोदी सरकार विफल रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493