आयोग के जनसंपर्क अधिकारी अपर संचालक एस.आर. सिसोदिया ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विगत दिनों टीकमगढ़ जिले के कछियाकलौन गांव के प्राथमिक स्कूल में मीनू के अनुसार मध्याह्न् भोजन न दिए जाने और खाना बनाने की जगह की हालत ठीक न होने के मामले में जिलाधिकारी से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने शिवपुरी जिले के कोलारस के सुनाज गांव में दबंगों द्वारा एक आदिवासी युवक का मुंह काला कर जुलूस निकालने के मामले में पुलिस अधीक्षक से एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा है।
इसके अलावा राजधानी के जेपी अस्पताल में स्टाफ की कमी के चलते मरीजों को हमीदिया अस्पताल रेफर किए जाने के मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और संचालनालय (स्वास्थ्य सेवाएं) के संचालक से जवाब तलब किया है।
आयोग ने सागर व टीकमगढ़ जिले के स्कूल में छात्र की पिटाई के मामले में शिक्षाधिकारी, भोपाल में नर्सिग कोर्स कर रही एक छात्रा को सरपंच के पति द्वारा नौकरी दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाकर छेड़छाड़ किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक से जवाब मांगा है।
इसी तरह आयोग ने राजधानी के बाग सिवनिया के शासकीय नवीन हाई सेकेंडरी विद्यालय के लिए आवागमन की सुविधा न होने पर शिक्षाधिकारी, राजधानी के करीब 231 सोनोग्राफी मशीनों में बायोमीट्रिक सिस्टम में गड़बड़ी के चलते सोनोग्राफी का संचालन अधिकृत सोनोजॉलिस्टि द्वारा न कराए जाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तलब किया।
आयोग ने भोपाल एवं इंदौर के जिलाधिकारियों तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी से एनजीओ के नाम पर बच्चों से भीख मंगवाने के मामले में स्वत:संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है।
dharmpath.com dharmpath