मप्र : मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित अन्य नेताओं ने दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

भोपाल, 29 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सहित अन्य नेताओं ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए बुराइयों के दहन की कामना की है।

मुख्यमंत्री चौहान ने सभी को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी समृद्धशाली भारतीय संस्कृति का प्रतीक पर्व है। जनमानस के आराध्य भगवान श्रीराम ने अहंकार के प्रतीक रावण का वध कर लंका विजय की थी। यह अपने अंदर की बुराइयों का दहन करने का अवसर है।

राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि विजयदशमी का त्यौहार असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। यह पर्व पूरी मानवजाति के लिए प्रेरणादायी है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा और उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना के साथ शक्ति और समर्पण का पर्व है।

कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष अरुण यादव ने दशहरा के शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और संपन्नता लाए। साथ ही बुराइयों व अहंकार का नाश हो, यही कामना है।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए देश और प्रदेश में अच्छाइयों पर व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, दशहरा हमारी भारतीय संस्कृति की परंपरा का वह पर्व है जो अपने समाज और देश में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने का संदेश देता है। इसलिए इस दिन रावण दहन किया जाता है जो बुराइयों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज ऐसी ही बुराइयों को देश और प्रदेश में जड़ से खत्म करने का संकल्प लेना होगा ताकि हम सदभाव, समृद्धि और शांति को स्थापित कर सकें।

राज्य सरकार के जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल, वित्त मंत्री जयंत मलैया, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री गौरीशंकर बिसेन और स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह ने विजयादशमी के मौके पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

मंत्रीगणों ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी हमें सत्य और सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विजयादशमी का पर्व सद्भाव के माहौल में हषरेल्लास के साथ मनाने का आग्रह किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493