मप्र में ‘आप’ बनेगा विकल्प : आशुतोष

भोपाल, 19 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष ने दावा किया है कि वर्ष 2018 में होने वाले मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी पूरी दमदारी से चुनाव लड़ेगी और राज्य के लोगों को नया विकल्प देने में सफल होगी।

मध्यप्रदेश की राजधानी में रविवार को पार्टी के कार्यकर्ता सम्मलेन में हिस्सा लेने आए आशुतोष ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, देश के हर राज्य में चुनाव लड़ने के लिए उनकी पार्टी तैयार है, इसीलिए संगठन को हर जगह मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जहां तक मध्यप्रदेश की बात है तो यहां बीते 15 वर्षो से जिस तरह की लूट मची है और भ्रष्टाचार हो रहा है, घोटालेबाजी जारी है, उससे यहां की जनता बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है। यही कारण है कि वह अब एक नए विकल्प की तलाश में है।

आशुतोष ने आगे कहा कि राज्य की जनता विकल्प तलाश रही है और उनकी पार्टी अपने आपको जनता के बीच एक विकल्प के रूप में पेश कर रही है। उन्हें भरोसा है कि वर्ष 2018 में राज्य की जनता उन्हें हाथोंहाथ लेगी।

संवाददाताओं ने जब पूछा कि मध्यप्रदेश में ‘आप’ का चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 के पहले तो अरविंद केजरीवाल भी सशक्त चेहरा नहीं थे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में वह एक बहुत बड़े महानायक के तौर पर उभरे हैं, मध्यप्रदेश में भी उसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए एक बड़ा महानायक उभरेगा।

उन्होंने कहा, “चेहरों की राजनीति और लोगों को करने दीजिए, हम लोग मध्यप्रदेश में नया विकल्प लाएंगे। असली और ईमानदार विकल्प, यह हमारा वादा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493