भोपाल, 17 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार सुबह से बादल छाए रहने के कारण उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में बारिश की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे। राजधानी में बौछारें पड़ीं और अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई, पर गर्मी व उमस से ज्यादा राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के पूर्वी मध्य और दक्षिणी हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। साथ ही सिवनी, बालाघाट, मंडला, नरसिंहपुर, जबलपुर, डिंडोरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.6 डिग्री, ग्वालियर का 26 डिग्री और जबलपुर का 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री, इंदौर का 28.4 डिग्री, ग्वालियर का 38.4 डिग्री और जबलपुर का 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath