भोपाल, 14 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि ने बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, 13 जिलों के 621 गांव की फसलों को नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मुख्यमंत्री ने निवास पर उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाकर ओला प्रभावित क्षेत्रों में हुए फसल नुकसान की जानकारी ली और अधिकारियों के साथ बैठक समीक्षा बैठक की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, चौहान ने ओला प्रभावित किसानों से अपील की है कि वे संकट के समय किसी प्रकार की चिंता न करें। फसल नुकसान की पूरी भरपाई कर दी जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 13 जिलों के 621 गांवों में ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। भोपाल संभाग में भोपाल, विदिशा, सीहोर जिलों में ज्यादा नुकसान हुआ है। सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, देवास एवं होशंगाबाद जिलों में भी नुकसान की जानकारी है। लगभग 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र ओलावृष्टि से प्रभावित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने पटवारी, ग्राम सेवक, कृषि विभाग के मैदानी अमले और जन-प्रतिनिधियों का दल बनाकर तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
चौहान ने कहा कि ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान का पारदर्शिता के साथ पूरा आकलन किया जाएगा। नुकसान के आकलन के लिए सर्वेक्षण दल बनाए जा रहे हैं और नुकसान के आकलन को पंचायतों में चस्पां करने की कार्यवाही शीघ्र शुरू की जाएगी। यदि आकलन पर किसी को आपत्ति होती है, तो तत्काल सुधार भी किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath