मप्र में कांग्रेस विधायक का निधन, शोक की लहर

भोपाल/शिवपुरी 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक राम सिंह यादव (74) का बुधवार को हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया। सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह यादव की तबियत बिगड़ी। उन्हें स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने ग्वालियर ले जाने के लिए रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनका निधन हो गया।

यादव के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपने शोक संदेश में कहा, “यादव ने राजनीति को हमेशा आम जनता की सेवा का माध्यम मानकर कार्य किया। दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दु:ख को सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।”

विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा और उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा है कि यादव विनम्र, मिलनशील और हर किसी से अच्छा व्यवहार करने वाले नेता थे।

कांग्रेस सांसद और पूर्व मंत्री कमलनाथ व ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा है कि ईश्वर यादव की आत्मा को शांति और परिवार को संबल देने की प्रार्थना करता हूं।

सिंधिया ने कहा, “यादव के निधन की खबर ने मुझे स्तब्ध कर दिया है। मेरी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।”

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कोलारस के यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यादव जमीन से जुड़े नेता और जनता की आवाज थे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाई थी। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को जो क्षति हुई है, उसकी पूर्ति संभव नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493