भोपाल, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में गुरुवार की सुबह खिली धूप ठंड से राहत देने वाली रही। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार की सुबह ठंड का असर बना रहा। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई, तो खिली धूप ने सुकून दिया।
मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र में ऊपरी हवाओं का चक्रवात बना हुआ है। वहीं अरब सागर की ओर से नमी आ रही है। जबलपुर और होशंगाबाद संभाग के कई स्थानों पर हल्की बारिश होने से ठंड बढ़ी है। साथ ही राज्य के कई स्थानों के तापमान में भी गिरावट आई है। ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में होशंगाबाद, जबलपुर व शहडोल संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जिसके चलते ठंड बढ़ने की संभावना है।
राज्य में ठंड का असर बढ़ रहा है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 14.6, ग्वालियर का आठ और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 27 डिग्री, ग्वालियर का 27 डिग्री और जबलपुर का 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath