मप्र में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, डूबने से 8 की मौत

भोपाल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में गुरुवार को पूरे दिन गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर चला। हर तरफ ‘गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे, वहीं प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुए हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई।

राज्य की राजधानी भोपाल से लेकर विभिन्न शहरों, नगरों और कस्बों से लेकर गांव तक में गणेश विसर्जन का दौर गुरुवार की दोपहर से ही शुरू हो गया। हर तरफ जुलूस की शक्ल में श्रद्धालु गणपति को विदाई देने में लगे थे। जगह-जगह गुलाल-अबीर उड़ाए जाने के साथ ढोल बाजों के साथ नाचने गाने का दौर चलता रहा।

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुए हादसों में आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई। रतलाम जिले में दो स्थानों पर हुए हादसों में सात और देवास में एक की मौत हो हुई है।

रतलाम के पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, सैलाना थाना क्षेत्र के घिसौली तालाब में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था, तभी एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में तीन लोग भी गहरे पानी में पहुंच गए।

उन्हें तालाब से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

इसी तरह का एक अन्य हादसा रतलाम जिले के ही कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के माउता में हुआ, जहां तालाब में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई।

देवास के पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बागली थाना क्षेत्र के पूजापुरा में भी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो लोग डूब गए। एक का शव बरामद कर लिया गया है, दूसरे की तलाश जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493