भोपाल, 9 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में गुरुवार सुबह से तेज धूप खिली हुई है लेकिन गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ छींटे पड़ने और धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही। मौसम में जारी बदलाव के चलते तापमान में भी उछाल आया है। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे गर्म खजुराहो व खरगोन रहा, जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में रीवा व शहडोल संभागों के अलावा बालाघाट, मंडला, सिवनी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मुरैना, भिंड आदि स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और धूल भरी आंधी चलने का अनुमान जताया है।
राज्य में तापमान में उछाल के साथ गर्मी बढ़ रही है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 16.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 16.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 31.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 32.9 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath