भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार सुबह से गर्मी और उमस का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में राजस्थान की ओर से आ रही पश्चिमी हवाओं ने मौसम के मिजाज में बदलाव ला दिया है। तापमान में उछाल आया है, यही कारण है कि रविवार की सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप खिली होने के साथ गर्मी व उमस परेशान कर देने वाली है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में इंदौर होशंगाबाद, संभाग व देवास, सीहोर व छिंदवाड़ा में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, वहीं कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने के आसार है।
राज्य में मौसम में आए बदलाव से तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 25 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 30 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 41 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर 44.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath