भोपाल, 5 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में तापमान बढ़ने के साथ शुक्रवार को गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा। उज्जैन व शहडोल संभाग का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे गर्म नौगांव रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल संभाग के अलावा उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर, झाबुआ, अलीराजपुर,धार, बड़वानी, सीधी सहित अनेक स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती हैं और बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही राज्य के दक्षिणी हिस्से में दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। भोपाल का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री, इंदौर का 25 डिग्री, ग्वालियर का 23.2 डिग्री और जबलपुर का 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री, इंदौर का 41 डिग्री, ग्वालियर का 41.4 डिग्री और जबलपुर का 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath