मप्र में छेड़छाड़ रोकने को सख्त कानून बनेगा

भोपाल, 5 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में बालिकाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए कानून बनाया जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को पुलिस अफसरों से इसके लिए मसौदा तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस अफसरों के साथ बैठक में बालिकाओं और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा, “बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले गुंडा तत्वों को गिरफ्तार करें और उनके विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई करें।”

उन्होंने कहा, “बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लागू करने की जरूरत है। इसके लिए पुलिस अधिकारी मसौदा तैयार करें।”

मुख्यमंत्री चौहान ने नए वर्ष में पुलिस प्रशासन को सभी प्रकार के माफिया का सफाया करने का लक्ष्य देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए पुलिस प्रशासन का प्रभावी होना जरूरी है।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में गणमान्य नागरिकों के साथ महीने में एक बार कानून व्यवस्था के संबंध में चर्चा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पुलिस को भरपूर सहयोग मिलेगा।

उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक, महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक के बीच समन्वय पर जोर देने के साथ फील्ड में पदस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि वे सभी प्रकार के अपराधों, संगठित अपराधों, माफियाओं की सूची बनाएं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अभियान चलाएं।

मुख्यमंत्री ने आम सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक थाने का सूचना तंत्र मजबूत होना चाहिए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493