मप्र में ठंड बढ़ी

भोपाल, 16 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में शुक्रवार सुबह ठिठुरन भरी रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में धुंध छाने के साथ शीतलहर चलने की संभावना जताई है।

राज्य में शुक्रवार की सुबह सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदला। इससे जहां ठंड बढ़ी है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में सबसे ठंडा दमोह रहा, जहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में धुंध का असर रहेगा, जबकि रीवा संभाग के अलावा छतरपुर, पन्ना, उमरिया, शहडोल व दमोह में शीतलहर चल सकती है।

राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम बना हुआ है। भोपाल का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री, इंदौर का 13 डिग्री, ग्वालियर का 8.1 डिग्री और जबलपुर का 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री, इंदौर का 29.4 डिग्री, ग्वालियर का 27 डिग्री और जबलपुर का 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493