मप्र में तीसरे चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

भोपाल, 11 मई (आईएएनएस)। आम चुनाव के छठे और मध्य प्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्र में रविवार को मतदान होगा, इस चरण में 138 उम्मीदवार मैदान में हैं। तीसरे चरण के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य की आठ संसदीय क्षेत्र मुरैना, भिंड (अजा), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ में मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। निर्बाध मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 85 कंपनी, राज्य सशस्त्र पुलिस बल की 30 कंपनी और राज्य पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित कुल 45 हजार 53 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए 446 क्विक रिसपांस टीम बनाई गई हैं।

बताया गया है कि इस चरण में कुल 138 उम्मीदवार मैदान में हैं, इनमें 14 महिला उम्मीदवार हैं। एक करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता इन उम्मीदवारों का फैसला करेंगे। इस चरण में होने वाले चुनाव में अधिकांश सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। भोपाल संसदीय सीट पर कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने भाजपा के के.पी. यादव हैं। ग्वालियर में कांग्रेस के अशोक सिंह के सामने भाजपा के विवेक शेजवलकर है।

इसी तरह मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का मुकाबला कांग्रेस के राम निवास रावत से है। राजगढ़ में कांग्रेस ने मोना सुस्तानी का मुकाबला भाजपा के रोडमल नागर से है। विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव के सामने कांग्रेस ने शैलेंद्र पटेल पर दांव लगाया है।

भिंड और सागर संसदीय सीटों पर मुकाबला नए चेहरों के बीच है। भिंड से भाजपा ने संध्या राय और कांग्रेस ने देवाशीष जरारिया को मैदान में उतारा है। वहीं सागर में भाजपा के राजबहादुर सिंह का मुकाबला कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर से है।

इस चरण में चुनाव वाले जिलों के 101 अंतर्राज्यीय तथा 128 अंतर्जिला नाके सील कर दिए गए हैं। मतदान दलों, सेक्टर अधिकारियों एवं पुलिस बल परिवहन के लिए 11 हजार से अधिक वाहन उपयोग में लाए गए हैं। मतदानकर्मियों को बस द्वारा 11 मई को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा चुका है।

तीसरे चरण में होने वाले लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चिन्हित किए गए क्रिटिकल मतदान केन्द्रों की संख्या 4024 है और 3600 से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग व सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। इस चरण में कुल 1720 वल्नरेबल क्षेत्रों का चिन्हांकन है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493