भोपाल, 28 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार सुबह से तेज धूप है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। शनिवार की शाम को राजधानी सहित कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली के तार टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई। रविवार की सुबह से मौसम साफ और धूप तेज है। गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्से में बारिश होने तथा भोपाल, चंबल, ग्वालियर, सागर, रीवा संभागों में लू की चेतावनी जारी की है।
राज्य के तापमान में उछाल दर्ज किया गया है। भोपाल का रविवार को न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री, इंदौर का 26 डिग्री, ग्वालियर का 27.9 डिग्री और जबलपुर का 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल का शनिवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री, इंदौर का 41.8 डिग्री, ग्वालियर का 44.5 डिग्री और जबलपुर का 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।
dharmpath.com dharmpath