मप्र में धूमधाम से मनाया जा रहा गणतंत्र दिवस (लीड-1)

भोपाल, 26 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में 67वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। ध्वजारोहण के बाद रंगारंग कार्यक्रम हो रहे हैं। मुख्य समारोह राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में हुआ, जहां राज्यपाल रामनरेश यादव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राज्य के अन्य हिस्सों से भी उत्साह और उमंग से यह पर्व मनाया जा रहा है।

राज्य का मुख्य समारोह राजधानी के लाल परेड मैदान में हुआ। इस समारोह में राज्यपाल यादव ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। इस मौके पर भव्य और आकर्षक झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया। वहीं राजधानी के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में भी गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया और प्रभातफेरियां निकाली गईं। इन आयोजन में हर वर्ग और उम्र के लोगों ने हिस्सा लिया।

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रतलाम के नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। साथ ही प्रदेशवासियों से प्रदेश विकास में अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में सचिव सुनीता त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान आयोग का स्टाफ उपस्थित था।

गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रध्वज फहराया गया। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एस़ क़े. मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगान हुआ। इसी तरह गणतंत्र दिवस पर मुख्य सचिव अंटोनी डिसा ने शासकीय आवास में राष्ट्र ध्वज फहराया।

मुख्य सचिव ने सभी उपस्थित को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। ध्वजारोहण के अवसर पर मुख्य सचिव की धर्मपत्नी मलुषा डिसा, एसडीएम संदीप केरकेट्टा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी वल्लभ भवन विश्वास भटेले और मुख्य सचिव निवास कार्यालय के कर्मचारी और पुलिस जवान मौजूद थे।

गणतंत्र दिवस पर राजधानी के पर्यटन भवन में राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक एवं मुख्यमंत्री के सचिव हरिरंजन राव ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस मौके पर राष्ट्रगान हुआ। राव ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए पूरी निष्ठा और मनोयोग से अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की अपेक्षा की। इस मौके पर बच्चों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम में पर्यटन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

इसी तरह रीवा में राज्य के जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का संदेश का वाचन किया। इसके अलावा अन्य जिला मुख्यालय से लेकर गांव-गांव में गणतंत्र दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। हर तरफ देशभक्ति के तरानों की गूंज सुनाई दे रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493