भोपाल, 1 जनवरी (आईएएनएस)। नववर्ष के मौके पर मध्य प्रदेश के देवालयों में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्घालुओं की भारी भीड़ है। साल के पहले दिन सभी अपने आराध्य की पूजा अर्चना कर नव वर्ष के मंगलमय होने की कामना कर रहे हैं।
उज्जैन के महाकाल के दरबार में तो तड़के तीन बजे से ही श्रद्घालुओं की कतारें लगने लगी थीं और भस्म आरती के समय पूरा मंदिर प्रांगण श्रद्घालुओं से भर गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। उसके बाद पूजा-अर्चना का दौर शुरू हुआ, जो दोपहर तक चलता रहा। इस मौके पर महाकाल का विशेष श्रृंगार व मंदिर की आकर्षक साज-सज्जा की गई है। वहीं देश के विभिन्न्न हिस्सों से यहां पहुंच रहे श्रद्घालु नए वर्ष के मंगलमय होने की कामना कर रहे हैं।
इसी तरह बेतवा के तट पर स्थित ओरछा के रामराजा मंदिर में सुबह की आरती के साथ विशेष पूजा अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर की आरती तक चला। यहां पहुंचे श्रद्घालुओं ने अपने आराध्य भगवान राम के दरबार में माथा टेक कर सुख समृद्घि की कामना की।
राज्य के अन्य हिस्सों मे भी नववर्ष का जोरदार तरीके से स्वागत किया जा रहा है। जहां गुरुवार को देर रात तक चले आयोजनों में नए वर्ष के स्वागत में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही, वहीं शुक्रवार सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना कर श्रद्घालु अपने सुखमय भविष्य की कामना की।
dharmpath.com dharmpath