भोपाल 12 फरवरी (आईएएनएस)। राज्य में नर्मदा नदी के किनारे किए गए पौध रोपण की जांच कराने की चर्चा के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने मंगलवार को यहां कहा कि जांच के लिए सरकार स्वतंत्र है।
भार्गव ने यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, “नर्मदा नदी के तट पर करोड़ों पौधे रोपे गए थे। इनमें से कितने पौधे जीवित हैं, उनकी क्या स्थिति है, इसकी जांच के लिए सरकार स्वतंत्र है।”
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस लगातार पौधरोपण में गड़बड़ी के आरोप लगाती रही है। सत्ता बदलने के बाद सरकार के कई मंत्री जांच की बात कह चुके हैं। इसी पर भार्गव ने यह राय जाहिर की है।
भाजपा शासनकाल में छह करोड़ से ज्यादा पौधे नर्मदा के तट पर रोपे जाने का तत्कालीन शिवराज सिंह चौहान सरकार ने दावा किया था।
राज्य में कई योजनाओं का नाम बदलने की चल रही कवायद के सवाल पर भार्गव ने कहा, “भाजपा ने पितृपुरुष दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर योजनाएं शुरू की थीं, मगर कांग्रेस के पास तो सिर्फ एक खानदान ही है और वह उसी खानदान के सदस्यों के नाम पर योजनाएं कर सकती है। कांग्रेस का नारा ही है -वक्त है बदलाव का। लिहाजा योजनाओं के नाम भी बदलेंगे।”
राज्य सरकार द्वारा कर्जमाफी योजना के प्रचार के लिए चलाए जा रहे अभियान पर तंज सकते हुए उन्होंने कहा, “सरकार ने एक किसान का कर्ज तो माफ किया नहीं, उल्टे वह प्रचार करने में लग गई है कि किसानों के कर्ज माफ हो गए हैं।”
dharmpath.com dharmpath