भोपाल, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में बुधवार सुबह आसमान पर हल्के बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई है।
राज्य के मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। बुधवार को आसमान पर हल्के बादलों का डेरा है, हवाओं का दौर कमजोर है। मौसम में आए बदलाव की वजह मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान को बताया। इस तूफान के कारण ही राज्य के आसमान पर बादलों का डेरा है, पर बारिश की संभावना कम ही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आसमान पर बादलों के छाने से ठंड बढ़ने वाली नहीं है और मौसम शुष्क ही रहेगा।
राज्य की राजधानी भोपाल का बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री, इंदौर का 16.4 डिग्री, ग्वालियर का 17.6 डिग्री और जबलपुर का 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री, इंदौर का 30.7 डिग्री, ग्वालियर का 35.4 डिग्री और जबलपुर का 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath