भोपाल, 24 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में जारी बारिश ने शुक्रवार सुबह सुहावनी बना दी। राज्य में गुरुवार अपराह्न् से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह भी बारिश का दौर जारी रहा, जिसने उमस से राहत दिलाई। लगातार हो रही बारिश से जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल में 59 मिलीमीटर, इंदौर में 24.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, होशंगाबाद, भोपाल, उज्जैन और इंदौर संभागों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री, इंदौर में 22 डिग्री, ग्वालियर में 25.1 डिग्री और जबलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री, इंदौर में 29.7 डिग्री, ग्वालियर में 35 डिग्री और जबलपुर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath