भोपाल, 2 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना जताई है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार सुबह बादल छाए हुए हैं और हवाएं भी चल रही हैं। बीते 24 घंटों के दौरान इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, अनूपपुर आदि स्थानों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में आगामी 24 घंटों के दौरान सामान्य से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
भोपाल का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री, इंदौर का 25 डिग्री, ग्वालियर का 25.5 डिग्री और जबलपुर का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 30 डिग्री, इंदौर का 27 डिग्री, ग्वालियर का 33.6 डिग्री और जबलपुर का 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath