मप्र में बुजुर्गो को दोबारा मिलेगा तीर्थ-दर्शन का लाभ : शिवराज

भोपाल, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि तीर्थ-दर्शन यात्रा के पांच वर्ष पूरे करने वाले यात्रियों को तीर्थ-दर्शन का अवसर दोबारा मिलेगा। योजना के तहत प्रतिवर्ष दो लाख श्रद्धालुओं को तीर्थ-दर्शन कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के पांच वर्ष पूरे होने पर यहां रवींद्र भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रेलगाड़ियों की संख्या जरूरत के मुताबिक बढ़ाई जाएगी। तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक वस्तुओं का किट दिया जाएगा। गंतव्य तीर्थ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक महत्व की जानकारियों का ब्रोशर मिलेगा। तीर्थयात्राओं के रूट में प्रमुख तीर्थ के साथ निकटवर्ती तीर्थो को भी संयोजित किया जाएगा और पैकेज बनाकर यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि विधायक यदि श्रद्धालुओं के साथ तीर्थयात्रा पर जाना चाहेंगे तो, उन्हें यात्रा में शामिल किया जाएगा। धर्माचार्यो के साथ चर्चा कर योजना में और तीर्थो को भी शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि तीर्थ-दर्शन योजना का उद्देश्य बुजुर्गो को भक्ति के आनंद के अवसर उपलब्ध कराना है। तीर्थ स्थान धर्म के केंद्र हैं। यहां मन और बुद्धि पवित्र होती है। सद्कर्मो की प्रेरणा मिलती है। तीर्थ-दर्शन से मिलने वाला सुख किसी भी सांसारिक सुख से नहीं मिलता।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत में तीर्थ-यात्रियों के सम्मान में प्रतीक स्वरूप पांच-पांच बुजुर्ग महिला-पुरुष तीर्थयात्रियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया और उनसे चर्चा कर योजना के अनुभवों की जानकारी ली।

इस मौके पर धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि पांच वर्षो की योजना अवधि में पांच लाख तीन हजार बुजुर्गो ने तीर्थ-दर्शन किए हैं। तीर्थो के दर्शन के लिए 503 रेल यात्राओं का आयोजन किया गया।

महंत चंद्रमा दास ने कहा कि तीर्थ-दर्शन की इच्छा हर व्यक्ति की होती है। साधन विहीनों को तीर्थ-यात्रा करवाने का सरकार का प्रयास सराहनीय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493